राधेश्याम देवड़ा
शाजापुर, 19 नवम्बर 2024/ जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित की आगर मालवा स्थित बैंक शाखाओं एवं समितियों के क्रियाकलापों की समीक्षा आज कलेक्टर एवं प्रशासक सीसीबी सुश्री ऋजु बाफना ने की। कलेक्टर एवं प्रशासक सुश्री बाफना ने निर्देश दिये कि ऋण वसूली में सबसे पीछे रहने वाले समिति प्रबंधकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए नोटिस दें तथा नब्बे प्रतिशत से अधिक वसूली करने वाले प्रबंधकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशंसा पत्र दें। इस मौके पर सहायक कलेक्टर श्री शिवम यादव, सीईओ सीसीबी श्री विशेष श्रीवास्तव सहित आगर जिले के समिति प्रबंधकगण उपस्थित थे।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने आज आगर मालवा जिले में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की गतिविधियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि वसूली में रूची नहीं लेने के कारण आगर मालवा जिला पिछड़ रहा है। जिन समिति प्रबंधकों का वसूली प्रतिशत अत्यंत कम है, उनके विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर ने वसूली के लिए राजस्व विभाग से मदद प्राप्त करने के निर्देश दिये। साथ ही ग्राम पंचायतों में बकायादारों की सूची चस्पा करने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर ने सोयतकलां की तीनों समितियों सहित आगर, बड़ोद, नलखेड़ा, सुसनेर क्षेत्र की समितियों में नब्बे प्रतिशत से अधिक वसूली करने पर प्रबंधकों की प्रशंसा की।
बैठक में कलेक्टर ने सहकारी समितियों की आय बढ़ाने के लिए ऋण वितरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण औपचारीकरण योजना (पीएमएफएमई) सहित शासन के विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितग्राहियों को ऋण वितरण करें। पीएमएफएमई योजना के लिए उद्यानिकी विभाग से संपर्क करें। साथ ही बैंक कस्टम हायरिंग सेंटर संचालन के लिए ही ऋण वितरित करें।
कलेक्टर ने उर्वरकों का वितरण पीओएस मशीन से ही करने के लिए कहा। साथ ही प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के कम्प्यूटराईजेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 30 नवम्बर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।
0 Comments