खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण**बड़नगर में मिलावटी घी के संदेह में 372 लीटर घी जब्त**

**खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण*
*बड़नगर में मिलावटी घी के संदेह में 372 लीटर घी जब्त**

उज्जैन, 01 अगस्त। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर जिला उज्जैन के निर्देशानुसार बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमित जांच अभियान चलाने के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है।

आज दिनांक 01 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा बड़नगर तहसील में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नयापुरा, बड़नगर स्थित जय भारत एजेंसी पर “श्री कृष्णा देसी घी” के नाम से 200 मिलीलीटर, 500 मिलीलीटर, 1 लीटर एवं 15 किलोग्राम की पैकिंग में घी संग्रहित पाया गया। बिल के अनुसार उक्त घी वरूण मार्केटिंग, 55 प्रताप नगर, इंदौर से 360 रुपये प्रति लीटर की दर से क्रय किया गया था। कम कीमत पर घी के विक्रय में संदेह होने के कारण कुल 337 लीटर घी (लगभग 1,21,320 रुपये मूल्य का) जब्त कर लिया गया। जब्त घी के नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्यवाही की गई।

इसी क्रम में महात्मा गांधी रोड, बड़नगर पर भी निरीक्षण किया गया। वहां डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी 5 लीटर एवं 500 मिलीलीटर की पैकिंग में कुल 35 लीटर स्टॉक मिला। संदेह के आधार पर उक्त 35 लीटर घी (लगभग 16,170 रुपये मूल्य का) भी जब्त कर नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं हितों की रक्षा के लिए निरंतर निगरानी एवं कठोर कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments