कलेक्टर सुश्री बाफना ने की एफएलएन गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा कीएफएलएन गतिविधियों में निम्न प्रदर्शन करने वाले शिक्षको को निलंबित करने एवं एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश


शाजापुर/ कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में आज जिले में मिशन अंकुर (FLN) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर सुश्री बाफना ने बैठक में मिशन अंकुर (एफएलएन) कार्यक्रम की प्रगति, मेंटरिंग, विद्यालय मॉनिटरिंग तथा शिक्षकों के प्रदर्शन की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने निर्देश दिए कि एफएलएन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करें। साथ ही मेंटरिंग पोर्टल से मर्ज हो चुकी शालाओं को हटाकर सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत मेंटरिंग सुनिश्चित करें।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी बीआरसी, सीएसी एवं जनशिक्षकों को निर्देश दिये कि शिक्षक संदर्शिका का कक्षा शिक्षण में सभी घटकों के साथ नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। प्रत्येक विद्यालय में वर्कबुक की फीडबैक सहित जांच हो, छात्र ट्रेकर में वास्तविक स्थिति दर्ज करें तथा रीडिंग कॉर्नर को सक्रिय रखें। साथ ही उन्होंने मासिक ट्रैकर पर जनशिक्षक एवं संस्था प्रमुख की टिप्पणी एवं हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के भी निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने निर्देश देते हुए कहा कि 20 अगस्त 2026 तक जिला स्तरीय अधिकारी विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करेंगे। सभी विकासखंडों में आयोजित बीपीएमयू बैठकों में बीईओ की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। वहीं, निम्न प्रदर्शन वाले विद्यालयों में पोस्ट टेस्ट में कम अंक प्राप्त करने वाले शिक्षकों का पुनः मूल्यांकन (री-टेस्ट) कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी अधिकारियों से समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करते हुए एफएलएन कार्यक्रम के लक्ष्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने तथा बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार लाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

एफएलएन गतिविधियों के क्रियान्वयन में निम्न प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को निलंबित करने एवं एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

कलेक्टर सुश्री बाफना ने एफएलएन गतिविधियों के क्रियान्वयन में निम्न प्रदर्शन करने वाले विकासखण्ड शाजापुर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय शंकरपुरा हरणगांव के शिक्षक श्री तोलाराम छांदना, प्राथमिक विद्यालय देवबर्डी बेरछा की शिक्षिका रेखा जोशी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर निलंबित करने तथा प्राथमिक विद्यालय खांकरी के शिक्षक श्री देवकीनंदन शर्मा, प्राथमिक विद्यालय बेरछी के शिक्षक श्री तुलसीराम अस्तेय एवं एकीकृत प्राथमिक विद्यालय लालाखेड़ी गुर्जर के शिक्षक श्री सुरेन्द्र गुर्जर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।

इसी तरह विकासखण्ड मो. बड़ोदिया के प्राथमिक विद्यालय बड़लीउकवत के शिक्षक श्री दिनेश शर्मा, एकीकृत शाला गोविन्दा के शिक्षक श्री बंशीलाल भिलाल, प्राथमिक विद्यालय धतरावदा के शिक्षक श्री रतनलाल सूर्यवंशी एवं प्राथमिक विद्यालय मेघाखेड़ी के शिक्षक श्री आत्माराम मालवीय को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये।

 विकासखण्ड शुजालपुर के शासकीय कन्या उमावि शुजालपुर मण्डी के शिक्षक श्री अतुल कुमार गुप्ता, शासकीय बालक उमावि शुजालपुर सिटी के शिक्षक श्री शिवनारायण कछवारे, शासकीय उमावि पोलायकलां के शिक्षक श्री विक्रमसिंह तवे, शासकीय उमावि जामनेर के शिक्षक श्री संतोष कुमार मीणा एवं शासकीय उमावि अवंतिपुर बड़ोदिया के शिक्षक श्री सीताराम कौशल तथा विकासखण्ड कालापीपल के शासकीय मावि तिलावद के शिक्षक श्री अमरसिंह मालवीय, मावि जबरी के शिक्षक श्री शब्बूसिंह भाभर, मावि चायनी के शिक्षक श्री दिनेश प्रसाद चौधरी एवं प्राथमिक विद्यालय धूबोटी के शिक्षक श्री मनोहरलाल वर्मा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर उक्त सभी शिक्षको को पुन: प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।

प्रस्तुतीकरण मिशन अंकुर टीम से श्री रवि विश्वकर्मा द्वारा दिया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री दीपा कीर, डीपीसी श्री राजेन्द्र शिप्रे, डाईट प्राचार्य श्रीमती अनीता श्रीवास्तव सहित बीआरसी, सीएसी, जनशिक्षक एवं मिशन अंकुर भोपाल प्रोजेक्ट लीड श्री सुमित साध एवं मिशन अंकुर टीम उपस्थित थी।

Post a Comment

0 Comments