नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने शाजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया

नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने

 शाजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया

राधेश्याम देवड़ा

शाजापुर, नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने आज शाजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा पुलिस की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, महिला एवं बाल सुरक्षा को सुदृढ़ करना, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर जागरूकता को बढ़ावा देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करते हुए पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती शुक्ला ने कहा कि "आमजन का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति है।" जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निराकरण, अपराधों की प्रभावी रोकथाम तथा पुलिस व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, आधुनिक एवं परिणाममुखी बनाना उनकी प्राथमिकताओं में प्रमुख रूप से शामिल रहेगा।

Post a Comment

0 Comments