शाजापुर, 08 जुलाई 2026/ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर के बालक एवं बालिका छात्रावास में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा भावनात्मक संवेदनाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान अत्यंत उत्साह और प्रेरणादायक वातावरण में संचालित किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के अंतर्गत छात्रावास में अध्ययनरत प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से दूर रहते हुए अपनी माँ और परिवार की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए छात्रावास परिसर में एक पौधा रोपित कर रहा है। यह पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि माँ के स्नेह, परिवार के प्रेम, संस्कारों और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बन रहा है।
बालक छात्रावास अधीक्षक श्री ओमप्रकाश पाटीदार के अनुसार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्रावास में रहने आने वाले बच्चों के लिए प्रारंभिक दिनों में परिवार और विशेष रूप से माँ की याद स्वाभाविक रूप से भावुक कर देती है। ऐसे समय में यह अभियान बच्चों को भावनात्मक संबल प्रदान करता है। प्रत्येक विद्यार्थी अपने पौधे को अपनी माँ के नाम समर्पित करते हुए उसकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लेता है। समय के साथ जब पौधा विकसित होता है, तब विद्यार्थी उसमें अपनी माँ के स्नेह और आशीर्वाद का अनुभव करते हैं। इससे उनमें प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी की भावना तथा पर्यावरण संरक्षण के संस्कार भी विकसित होते हैं।
बालिका छात्रावास अधीक्षक श्रीमती ज्योति धाकड़ ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से छात्रावास परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और वृक्षों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि आज लगाया गया। एक पौधा भविष्य में अनेक लोगों को शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय सुरक्षा प्रदान करेगा। इस प्रकार यह अभियान भावनात्मक जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है।
इस प्रेरणादायी पहल को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, शाजापुर के प्राचार्य श्री हेमंत यादव के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, प्रकृति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास भी समान रूप से आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए छात्रावास में विभिन्न नवाचारों के साथ यह अभियान प्रारंभ किया गया है।
विद्यार्थियों ने भी इस पहल को अत्यंत उत्साह के साथ अपनाया है। वे अपने पौधों को नाम देकर नियमित रूप से उनकी देखभाल कर रहे हैं तथा अन्य साथियों को भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अभिभावकों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया है।
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान आज केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह माँ के प्रति सम्मान, परिवार से भावनात्मक जुड़ाव, प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध और सतत विकास के संकल्प का जीवंत प्रतीक बन चुका है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, शाजापुर के बालक एवं बालिका छात्रावास की यह पहल निश्चित रूप से अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगी
0 Comments