राधेश्याम देवड़ा
मक्सी। शाजापुर जिले के मक्सी नगर में निर्माणाधीन फोरलेन का कार्य आमजन के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और मनमाने तरीके से किए जा रहे निर्माण कार्य के चलते नगर के कई हिस्सों में सड़कें खोदकर अधूरी छोड़ दी गई हैं। कई दुकानों और मकानों के सामने मोरम व मिट्टी डालकर रास्ते अवरुद्ध कर दिए गए हैं, जिससे लोगों की आवाजाही के साथ-साथ व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
नगर के प्रमुख समाजसेवी शरद रावल की पोल फैक्ट्री के सामने सड़क पर बारिश का पानी भर जाने से तालाब जैसे हालात बन गए हैं। वहीं नेताजी कॉलोनी, डायमंड फैक्ट्री क्षेत्र, नई कॉलोनी, शिव मंदिर मार्ग, मठ मार्ग तथा मिरासी गली सहित कई स्थानों पर सड़कें कीचड़ और गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लगातार तेज बारिश हुई तो मिरासी गली के सामने बने कई मकानों में पानी घुसने की आशंका भी बनी हुई है।
रहवासियों का कहना है कि जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजमर्रा के कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि रास्ते बंद होने से ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कराई जाए, ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा फोरलेन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही रहवासी क्षेत्रों में जल निकासी और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
0 Comments