राधेश्याम देवड़ा की रिपोर्ट
शाजापुर, 11 दिसम्बर 2024/ गीता जयंती के अवसर पर आज स्थानीय गायत्री शक्ति पीठ शाजापुर में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री अरूण भीमावद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
विधायक श्री भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सनातन को आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। गीता जयंती के अवसर पर उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के प्रवेश पर हमारे समाज में विकृतियां आ रही हैं। भगवत गीता के अध्ययन मात्र से ही विकृतियां समाप्त हो जायेगी। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री शक्तिपीठ के लिए विधायक निधि से 05 लाख रूपये देने की घोषणा भी की। इस मौके पर श्रीमती अनुराधा नागर ने भी संबोधित किया। नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी ने भजन गाए। वही श्री रमेश सूर्यवंशी एवं श्री प्रकाश सूर्यवंशी द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर एवं श्रीमद्भगवत गीता पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रारंभ में कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमद्भगवत गीता के 11,12 तथा 15वें अध्याय का सस्वर पाठ कर भजन एवं कीर्तन किये गये। कार्यक्रम में गीता का पाठ, गीता में भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिए गए उपदेशों का वाचन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, गायत्री परिवार के ट्रस्टी श्री प्रदीप वैध, श्री शीतल भावसार, पार्षद श्री प्रेम यादव, श्री कौशल कसेरा, श्री चौहान, श्री राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, तहसीलदार श्रीमती मधु नायक, नगरपालिका सीएमओ डॉ. मधु सक्सेना, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विवेक दुबे सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन श्री लोकेन्द्र नायक एवं महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती मेघा सुमन ने किया। उपस्थित अतिथियों के प्रति अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले ने आभार व्यक्त किया।
0 Comments