दक्षिण अफ्रीका के सहयोग से जिले में नीलगाय एवं ब्लैकबक कैप्चर ऑपरेशन 21 दिनों का चलेगा 100 नीलगाय एवं 400 कृष्णमृगों को पकड़कर अभ्यारणों एवं राष्ट्रीय उद्यानों में छोड़ा जायेगा

राधेश्याम देवड़ा
दक्षिण अफ्रीका के सहयोग से जिले में नीलगाय एवं ब्लैकबक कैप्चर ऑपरेशन 21 दिनों का चलेगा 100 नीलगाय एवं 400 कृष्णमृगों को पकड़कर अभ्यारणों एवं राष्ट्रीय उद्यानों में छोड़ा जायेगा कलेक्टर सुश्री बाफना ने अभियान के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व शाजापुर,/ पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार की अनुमति एवं राज्य शासन की सैद्धांतिक सहमति पर जिले में कृषकों की फसलों को नुकसान पहंचा रहे ब्लैकबक एवं नीलगाय की वर्षों से चली आ रही समस्याओं के निदान के लिए दक्षिण अफ्रीका के सहयोग से जिले में 15 अक्टूबर 2025 से 21 दिवसीय नीलगाय एवं ब्लैकबक कैप्चर ऑपरेशन चलाया जायेगा। कैप्चर ऑपरेशन के लिए दक्षिण अफ्रीका के सहयोग से बोमा पद्धति द्वारा 100 नीलगाय एवं 400 कृष्णमृगों को पकड़कर गांधीसागर अभ्यारण्य एवं प्रदेश के अन्य राष्ट्रीय उद्यानों में छोड़ने की कार्यवाही की जायेगी। जिले में ब्लैकबक ऑपरेशन के लिए 06 स्थलों एवं नीलगाय कैप्चर के लिए 04 स्थलों का चयन किया गया है। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने ब्लैकबक ऑपरेशन के लिए चयनित स्थलों में पर भीड़ नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सहयोग के लिए जिले के विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। जिसके अनुसार पुलिस अधीक्षक संपूर्ण अभियान के दौरान कानून व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करेंगे। इसके साथ ही संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभियान के दौरान कानून व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण, अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी अभियान के दौरान कृषकों से आपसी समन्वय स्थापित करने, मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाने एवं कानून व्यवस्था बनाकर रखेंगे। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर समन्वय स्थापित कर पंचायत अमले की ड्यूटी एवं संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अभियान के दौरान डॉक्टर्स की टीम एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करेंगे। लोक निर्माण विभाग कार्यपालन यंत्री हैलीपेड के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं कॉर्डिनेट्स उपलब्ध कराना। विद्युत वितरण कंपनी अधीक्षण यंत्री आवश्यकतानुसार विद्युत प्रवाह नियंत्रण की व्यवस्था करेंगे। संबंधित अधिकारीगणों को कलेक्टर ने संपूर्ण ऑपरेशन के दौरान चयनित कैप्चर स्थलों पर वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित रखते हुए सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सुश्री बाफना ने बताया कि ब्लैकबक ऑपरेशन के लिए जिले में शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गावडी एवं नया समाजखेड़ा तथा कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ईमलीखेड़ा, उमरसिंगी, अरनियाकलां एवं डुंगलाय शामिल हैं। इसी प्रकार नीलगाय कैप्चर के लिए शाजापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लाहौरी बल्डा व गोपीपुर, शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मदाना व सुसनेर विधानसभा क्षेत्र (तहसील मो. बड़ोदिया) के ग्राम निपान्या करजू शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments